उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

हत्या के प्रयास में वांछित व इनामिया दो आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले की दिलीपपुर थाने की पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि बीते वर्ष जुलाई में आठ तारीख की रात एक व्यक्ति पर थाना इलाके के छीटपुर गांव स्थित सतीमाई की बाग में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से लाठी-डंडा आदि से हमला कर घायल कर दिया था। आरोप है कि इस दौरान शोर सुनकर ग्रामीणों के आने पर आरोपी पीड़ित की जेब में रखे रुपये एवं गले में पहनी सोने की चैन छीनकर धमकी देते हुए फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद व चार पांच अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सरगर्मी से उनकी तलाश कर रही थी। एसपी दीपक भूकर द्वारा अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल व सीओ पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में थाना प्रभारी दिलीपपुर बलराम सिंह व उनकी पुलिस टीम द्वारा सर्विलांस व स्वाट टीम के सहयोग से पच्चीस पच्चीस हजार रुपये के ईनामिया दो वांछित अभियुक्तों राजा उर्फ शनि गौतम एवं प्रियांशु उर्फ अर्जुन को दिलीपपुर थाना इलाके के प्रकट नाथ मन्दिर के समीप रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर उसने व उसके परिवार वालों ने मिलकर अपने ही गाँव के व्यक्ति को मारा पीटा था। आरोपियों के अनुसार उनके वकील ने बताया था कि तुम लोगो के खिलाफ न्यायालय से वारण्ट व कुर्की का आदेश जारी हो गया है तुम लोग 10-15 दिन अपने आप को पुलिस से बचा लोगो तो मैं तुम लोगो की न्यायालय से अग्रिम जमानत ले लूंगा। जिस कारण वो पुलिस से छिपकर रह रहे थे। हालांकि सर्विलांस, स्वाट टीम व दिलीपपुर पुलिस ने रविवार को दोनों इनामिया अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button