महराजगंज में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण, अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी ग्रामीण एवं नगर चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा इसकी गोपनीयता और महत्ता को हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जनगणना का दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान महराजगंज के लिए नामित जनगणना कार्य निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पांडेय तथा जिला प्रभारी जनगणना अंबिका मौर्य ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सीएमएमएस पोर्टल के संचालन, एचएलओ के गठन सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी अधिकारियों को गहन प्रशिक्षण दिया गया। राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने भी प्रशिक्षण सत्रों में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ, डीईएसटीओ, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






