जौनपुर: बदलापुर में सामूहिक दुष्कर्म मामले के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर बदलापुर थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का शिकंजा कस दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चन्द्र तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को संग्राम बालिका इंटर कॉलेज, कस्बा बदलापुर के पास घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरोज कुमार यादव उर्फ संतोष कुमार यादव निवासी सरोखनपुर, थाना बदलापुर तथा प्रिंस तिवारी उर्फ बच्ची निवासी सिरसी, थाना तेजीबाजार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना बदलापुर में मु0अ0सं0 54/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।






