उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

अनियंत्रित कार ने दो बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल

एक घण्टे के भीतर हुए दूसरे हादसे में बाइकसवार ने युवक को मारी टक्कर, दोनों घायल

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत घण्टे भर के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत जबकि चार घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज। पहली दुर्घटना जिले के रानीगंज थाना इलाके में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे हुई। जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। कुछ ही देर बाद हुए दूसरे सड़क हादसे में बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी जिसमें सड़क पर गिरकर दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये।मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे सतीश कुमार सोनी अपनी बाइक लेकर राजमार्ग किनारे खड़ा था। उसी दौरान सामने से एक बाइक पर प्रिंस और घनश्याम गुजर रहे थे। तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को निजी वाहनों से रानीगंज ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सतीश कुमार सोनी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही सतीश के ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। घायल प्रिंस और घनश्याम की हालत गम्भीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर रानीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लेने के साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घण्टे भर के अंदर ही हुए एक दूसरे हादसे में थाना क्षेत्र के लिलहा के पास एक तेज रफ्तार बाइकसवार ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी जिसमें बाइकसवार और पैदल यात्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को रानीगंज ट्रामा सेन्टर पहुंचाया। वहां से दानिश की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दीपचंद का इलाज प्रतापगढ़ ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button