नहर में मिला अज्ञात शव, पुलिस जांच में जुटी

जन एक्सप्रेस/तिलोई: अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब शारदा सहायक खंड 28 नहर में एक अज्ञात शव तैरता हुआ दिखाई पड़ा। शनिवार को पूरे शिव बैशन मजरे लोधवारिया के पास ग्रामीणों ने शव को नहर में बहते हुए देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव मोहनगंज से गड़हरी की ओर बह रहा था। प्रथम दृष्टया यह शव कई दिन पुराना प्रतीत होता है, जिसके कारण मृतक का चेहरा पहचान में नहीं आ पा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई है। शव की तलाश कर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेजने की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि शव की शिनाख्त और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नहर में शव मिलने की यह घटना कई सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।






