उत्तर प्रदेशचित्रकूट

वाराणसी से खजुराहो तक वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ, चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और रेल मंत्री ने वाराणसी से दिखाई हरी झंडी — कर्वी स्टेशन पर वंदे भारत का स्वागत, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग बोले- चित्रकूट में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

जन एक्सप्रेस चित्रकूट |वाराणसी से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का आज शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी से किया। यह ट्रेन जब तीर्थनगरी चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन पहुंची, तो स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इसका भव्य स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वंदे भारत के स्वागत में उमड़ी भीड़

कर्वी स्टेशन पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, पूर्व सांसद आर. के. सिंह पटेल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, अध्यक्ष जिला कोऑपरेटिव बैंक बांदा/चित्रकूट पंकज अग्रवाल,नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, प्रधान मुख्य अभियंता रेलवे जे. सी. चौरसिया, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

चित्रकूट के विकास की दिशा में बड़ा कदम

आर. के. सिंह पटेल पूर्व सांसद आर. के. सिंह पटेल ने कहा —भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट के ऐतिहासिक स्टेशन कर्वी पर वंदे भारत ट्रेन का आगमन एक ऐतिहासिक क्षण है।हम प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के आभारी हैं जिन्होंने बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्र को गति देने का कार्य किया है।यह ट्रेन काशी, विंध्याचल, प्रयागराज और चित्रकूट होते हुए खजुराहो तक जाएगी।”उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य भी प्रगति पर है,जिसके पूरा होने के बाद एक और वंदे भारत ट्रेन मिलने की संभावना है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से हो रहे हैं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होता दिख रहा है।

डीएम बोले – वंदे भारत से बढ़ेगा चित्रकूट में पर्यटन जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा वाराणसी से खजुराहो तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन से चित्रकूट में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। वाराणसी और खजुराहो जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों से जुड़ाव बढ़ने से पर्यटकों का आवागमन तेजी से बढ़ेगा।”उन्होंने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि वाराणसी जैसे तीर्थ क्षेत्र से जुड़ने के कुछ ही दिनों बाद भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में कार्य करने का अवसर मिला। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सभी छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कर्वी रेलवे स्टेशन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, रेलवे अधिकारी और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

वंदे भारत – तीर्थ और पर्यटन के बीच नई कड़ी

वाराणसी से खजुराहो तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन धार्मिक स्थलों जैसे काशी, विंध्याचल, प्रयागराज और चित्रकूट को चंदेलकालीन ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ेगी।इस ट्रेन के शुरू होने से तीर्थ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास में
नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button