उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहमीरपुर

हमीरपुर: शिक्षा की अलख जगाने वाले ‘बुंदेलखंड के मालवीय’ स्वामी ब्रह्मानंद की प्रतिमा का अनावरण

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर : जनपद हमीरपुर के जिला पंचायत परिसर में महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और पूर्व सांसद स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत और भावी जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य दुष्यंत सिंह परिहार (रज्जन भैया) मौजूद रहे।

बुंदेलखंड के विकास में स्वामीजी का अतुलनीय योगदान

प्रतिमा अनावरण के अवसर पर दुष्यंत सिंह परिहार ने स्वामी ब्रह्मानंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “स्वामीजी की मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज बुंदेलखंड का युवा शिक्षित होकर देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई जब संसाधन सीमित थे।”

स्वामी ब्रह्मानंद, जिन्हें ‘बुंदेलखंड का मालवीय’ भी कहा जाता है, ने अपने जीवन में छुआछूत, अशिक्षा और गौ-हत्या जैसी कुरीतियों के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी। उन्होंने हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना की, जो आज भी हजारों छात्रों का भविष्य संवार रहे हैं।

समारोह में दिग्गजों का जमावड़ा

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत और उनके प्रतिनिधि संतराम राजपूत ने दुष्यंत सिंह परिहार को शाल ओढ़ाकर और स्वामी जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इस गरिमामय समारोह में सदर विधायक मनोज प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी समेत जिले के तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने स्वामीजी के बताए मार्ग पर चलने और बुंदेलखंड को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे ले जाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button