उत्तर प्रदेश पुलिस को राहत: मिलेगा साप्ताहिक अवकाश: डीजीपी राजीव कृष्ण

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित राहत की घोषणा करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा है कि अब पुलिस बल को साप्ताहिक अवकाश की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह घोषणा पुलिस विभाग में वेलफेयर और कार्य संतुलन की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
बल में बढ़ोतरी से संभव हुई व्यवस्था
डीजीपी ने बताया कि हाल ही में बड़ी संख्या में आरक्षियों की भर्ती और तैनाती से अब विभाग के पास पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हो गया है। फोर्स की भारी कमी के कारण वर्षों से लंबित साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था को अब धरातल पर उतारा जा सकेगा।
“अब जब विभाग को पर्याप्त बल मिल चुका है, तो पुलिसकर्मियों के वेलफेयर पर गंभीरता से काम होगा। यह व्यवस्था उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से बेहतर बनाएगी, जिससे वे और अधिक प्रभावी ढंग से अपराध नियंत्रण में जुट सकें।”
— राजीव कृष्ण, DGP, उत्तर प्रदेश
अपराध पर प्रहार, पुलिस को आराम
डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि आराम और कार्य में संतुलन होने पर पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण के प्रयास और भी सशक्त होंगे। विभाग अब इस व्यवस्था को जल्द लागू करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है।
सुल्तानपुर में कानून-व्यवस्था की समीक्षा
डीजीपी राजीव कृष्ण वाराणसी में गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद लौटते समय सुलतानपुर ज़िले में रुके और वहां की कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से ज़मीनी हालात की जानकारी ली और साफ संकेत दिया कि कानून-व्यवस्था से समझौता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगा।
बहुप्रतीक्षित मांग को मिली मंजूरी
सालों से पुलिसकर्मियों को सप्ताहिक अवकाश दिए जाने की मांग लंबित थी। अब इस घोषणा से न सिर्फ पुलिस बल में उत्साह है, बल्कि यह पुलिस प्रशासन की मानवीय सोच की झलक भी है।






