भराड़ीसैंण में 19 अगस्त से शुरू होगा उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र
545 से अधिक सवाल, सुरक्षा से लेकर संचार तक की तैयारियां पूरी; मुख्यमंत्री धामी बोले – “हम पूरी तरह तैयार”

जन एक्सप्रेस उत्तराखंड: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण तैयार, व्यवस्थाओं की हुई उच्च स्तरीय समीक्षा उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में 19 से 22 अगस्त तक विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र के संचालन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की गई।
विधायकों ने पूछे 547 प्रश्न, विपक्ष भी सक्रिय
अब तक 32 विधायकों द्वारा 547 सवाल विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं। यह संख्या सत्र में संभावित बहस और जनहित के मुद्दों पर विपक्ष की सक्रियता को दर्शाती है।
सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए। परिसर में बिना अधिकृत प्रवेशपत्र के किसी भी वाहन या व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आगंतुकों के लिए भी सीमित प्रवेश व्यवस्था की गई है।
NEVA प्लेटफॉर्म पर संचालित होगा सत्र, हाई-स्पीड नेटवर्क की व्यवस्था
यह सत्र NEVA (National eVidhan Application) के तहत पूरी तरह डिजिटल तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके लिए आईटीडीए को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। विधानसभा परिसर में हाई-स्पीड इंटरनेट व वाई-फाई नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मूलभूत सुविधाएं होंगी सुचारु, स्वास्थ्य और आपूर्ति सेवाओं के निर्देश
विधानसभा सत्र के दौरान बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के चलती रहें, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों और विधायकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचार कंपनियों से सहयोग सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “हमारा मानसून सत्र शुरू होने वाला है और इसके लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, और सरकार हर सवाल का जवाब देने को तत्पर है।”






