
जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के 65 वर्षीय राकेश चंद्र जोशी को उत्तरकाशी पुलिस ने अपने साहसिक और त्वरित कार्रवाई से बचा लिया। 15 अक्टूबर 2025 को जिला न्यायालय परिसर में अचानक बेहोश हो गए राकेश चंद्र जोशी को पुलिस के जवानों ने न केवल प्राथमिक उपचार दिया, बल्कि उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
पुलिस जवानों ने दिखाई तत्परता और कर दी सी.पी.आर
राकेश चंद्र जोशी जब न्यायालय परिसर में बेहोश हुए, तो वहां तैनात पुलिसकर्मियों—ललिता प्रसाद शर्मा, महादेव प्रसाद उनियान, और अमेन्द्र बिष्ट (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्तरकाशी के चालक)—ने बिना कोई देर किए उन्हें सी.पी.आर. (कार्डियोपल्मोनरी रेससिटेशन) दिया और अन्य प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद पुलिस जवानों ने राकेश जोशी को अपने निजी वाहन से तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।इलाज के बाद अब राकेश चंद्र जोशी पूरी तरह स्वस्थ हैं। अपने जीवन को बचाने के लिए उन्होंने उत्तरकाशी पुलिस का धन्यवाद किया और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय से मिलकर आभार प्रकट किया। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पुलिस जवानों को उनके साहसिक कार्य के लिए पुरस्कृत किया जाए।पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने राकेश जोशी का धन्यवाद स्वीकार करते हुए कहा कि वह पुलिस जवानों की तत्परता और समर्पण को सराहते हैं। उन्होंने जवानों को हौसलाअफजाई करते हुए उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा की।






