उत्तर प्रदेशपीलीभीत

एसडीएम कार्यालय के पास चले लात घूंंसे, वीडीओ वायरल

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत। पूरनपुर सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र का एक युवक किसी कार्य से तहसील पहुंचा था। इसी दौरान उसकी एक अधिवक्ता से बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों खुलेआम एक-दूसरे पर टूट पड़े। एसडीएम कार्यालय के ठीक बाहर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तहसील जैसे संवेदनशील और न्यायिक स्थल पर लोग बेखौफ होकर कानून को हाथ में ले रहे हैं।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद क्राइम इंस्पेक्टर अशोक कुमार और अन्य पुलिसकर्मी झगड़ा शांत कराने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनके सामने ही काफी देर तक मारपीट होती रही।बताया जा रहा है कि कुछ घंटे पहले ही अधिवक्ताओं और विद्युत कर्मचारियों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस तहसील पहुंची थी। इसके बावजूद उसी दिन दो बार मारपीट की घटनाओं ने तहसील को विवादों का अखाड़ा बना दिया। घटना के समय तहसील परिसर में बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद थे। मारपीट के चलते कामकाज ठप हो गया और लोगों में भय का माहौल बन गया। आमजन का कहना है कि तहसील परिसर में पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन दिनदहाड़े मारपीट का वीडियो सामने आना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button