पटना

गोपाल खेमका हत्याकांड का आरोपी विकास उर्फ राजा पुलिस मुठभेड़ में ढेर

एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मारा गया विकास पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुई मौत

जन एक्सप्रेस लखनऊ/पटना (हेमनारायण हेमू): शुक्रवार रात को बिहार की राजधानी पटना में चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल विकास उर्फ राजा को एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार,तड़के करीब पौने तीन बजे मलसलामी थाना क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर दूर पीर दमरिया घाट इलाके में जब पुलिस दबिश देने पहुंची, तब विकास ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मौके पर ही ढेर हो गया।

हथियार सप्लायर था विकास
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास ने ही खेमका की हत्या में शामिल शूटरों को हथियार मुहैया कराए थे। घटनास्थल से एक पिस्टल, कारतूस और खोखा बरामद किया गया है।

पहले ही पकड़ा जा चुका है शूटर उमेश यादव
इससे पहले हत्याकांड में शामिल शूटर उमेश यादव को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उमेश से पूछताछ में विकास का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुठभेड़ के बाद इलाके में तनाव
घटना के बाद से पीर दमरिया घाट और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मुठभेड़ स्थल की जांच की है।

क्या है गोपाल खेमका हत्याकांड
कारोबारी गोपाल खेमका की शुक्रवार की रात पटना में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की यह वारदात व्यापारिक दुनिया में सनसनी फैला चुकी है। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button