हर घर जल” को लेकर ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
चित्रकूट के मदना गांव में जल महोत्सव का आयोजन

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट (मानिकपुर)।जनपद चित्रकूट के विकासखंड मानिकपुर अंतर्गत रैपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत ग्राम पंचायत मदना में रविवार को जल महोत्सव एवं जल अर्पण कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल स्रोतों के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा पेयजल योजनाओं के संचालन और अनुरक्षण में सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत जल वंदना के साथ हुई, जिसमें जल के महत्व और उसकी पवित्रता का संदेश दिया गया। इसके बाद गांव में जल पदयात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।इस दौरान गांव में स्थित जल संपत्तियों जैसे हैंडपंप, पाइपलाइन और जल टंकी के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा जल स्रोतों को संरक्षित रखने का आह्वान किया गया। साथ ही जल गुणवत्ता संरक्षण और जल प्रदूषण की रोकथाम को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम में ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की महिला सदस्यों और ग्राम की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान जल प्रबंधन एवं जल शासन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही भूजल पुनर्भरण, वर्षा जल संचयन और ग्रे वॉटर प्रबंधन के विषय में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। स्थानीय जल स्रोतों जैसे तालाब और कुओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन पर भी विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत जल संरचनाओं की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण करते हुए “जल श्रृंगार” किया गया तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के लिए “जल बंधन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जल संकल्प लेते हुए प्रतिज्ञा की कि वे जल का संरक्षण करेंगे, जल का दुरुपयोग नहीं करेंगे और अपने गांव को जल सुरक्षित बनाएंगे।
“मेरा गांव – जल सुरक्षित भविष्य” विषय पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में जल संरक्षण और भविष्य में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान “मेरी पंचायत” ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायत की प्रगति भी प्रदर्शित की गई तथा जल संरक्षण में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर रैपुरा ग्राम समूह पेयजल योजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्राम पंचायत मदना के अंतर्गत राजस्व ग्राम मदना में 375 ग्रामीणों तथा राजस्व ग्राम गढ़ी कला में 298 घरों को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल से संतृप्त किया जा चुका है। दोनों गांवों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल मिल रहा है। ग्राम प्रधान द्वारा इस अवसर पर “हर घर जल” की घोषणा भी की गई।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मानिकपुर, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), ग्राम प्रधान, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, पंप ऑपरेटर आदिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से जल संरक्षण और पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।






