महोबा में जल आपूर्ति ठप, बंसल कंपनी पर लापरवाही के आरोप
लेखपाल की रिपोर्ट में भी पुष्टि, जिलाधिकारी से न्याय की गुहार

जन एक्सप्रेस/महोबा: जनपद महोबा में इन दिनों जल आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जल आपूर्ति बाधित होने के पीछे जल संस्थान की लापरवाही और बंसल कंपनी को दिया जा रहा संरक्षण जिम्मेदार है। बताया जा रहा है कि बंसल कंपनी द्वारा केवल दो दिनों के लिए अनुमति ली गई थी, लेकिन उसके बाद भी आज तक जल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
प्रश्न यह उठ रहा है कि आखिर महोबा की जनता को पीने के पानी के लिए क्यों तरसना पड़ रहा है और जल संस्थान इस गंभीर समस्या पर ध्यान क्यों नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही जल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे मजबूर होकर सड़क जाम व आंदोलन करने को विवश होंगे।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं जल संस्थान से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर जल आपूर्ति बहाल कराई जाए तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।






