आंधी-बारिश से बदला यूपी का मौसम, लखनऊ समेत 27 जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।(हेमनारायण द्विवेदी):उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को चौंका दिया। सुबह करीब 10 बजे ही आसमान में घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा सा माहौल बन गया। बारिश से बचने के लिए लोग फ्लाईओवर और दुकानों के नीचे शरण लेते नजर आए।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 27 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।इससे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बुधवार शाम से ही मौसम बदलना शुरू हो गया था। मथुरा में सबसे तेज 87 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि नोएडा में 59 किमी और आगरा व बुलंदशहर में 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई। बागपत और बुलंदशहर में करीब 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पूर्वी यूपी, मध्यांचल और बुंदेलखंड समेत लगभग पूरे प्रदेश में शुक्रवार को तेज हवाओं और गरज-चमक का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।बृहस्पतिवार को वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं नजीबाबाद में बारिश और हवाओं के कारण तापमान गिरकर 25 डिग्री तक पहुंच गया।
इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट:
फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बांदा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर व आसपास के क्षेत्र।






