पिता ने शादी करने से किया इनकार तो प्रेमी ने किशोरी पर चाकू से हमला कर किया घायल
जन एक्सप्रेस/ संवाददाता
बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के महरथा गांव निवासी एक किशोरी के पिता ने रिश्तेदारी में शादी से इंकार कर दिया। जिससे नाराज उसके प्रेमी ने युवती पर चाकू से ताबड़ तोड़ वार कर दिया। जिससे किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम महरथा निवासी गुलशन (16) पुत्री हसीब से आलम उर्फ हीरा खां एकतरफा प्यार करता था। वह गुलशन से शादी करना चाहता है। लेकिन लड़की के पिता शादी करने को तैयार नहीं थे। मंगलवार शाम को किशोरी अपनी बहन के साथ खेत में थी। वहां खेत में आलम उर्फ हीरा खां पहुंचा। उसने छोटी बहन के सामने ही गुलशन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। चेहरे पर चाकू से वार के चलते उसकी हालत बिगड़ गई।
परिवार के लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल बालिका के पिता ने इस मामले में थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर किशोरी की हालत गंभीर होने पर बुधवार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थानाध्यक्ष परमानंद तिवारी ने बताया कि जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।






