बिना फार्मर रजिस्ट्री नहीं मिलेगा उर्वरक: डीएम के कड़े निर्देश
फार्मर आईडी बनाने पर जोर, लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

जन एक्सप्रेस | चित्रकूट।जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बनाने की दिशा में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उर्वरक वितरण और फार्मर आईडी निर्माण को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि साधन सहकारी समितियों से उर्वरक वितरण के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। बिना फार्मर रजिस्ट्री किसी भी किसान को खाद नहीं दी जाएगी। उन्होंने समस्त समिति सचिवों को आदेशित किया कि वे जन सेवा केंद्र (CSC) और कृषि विभाग के तकनीकी सहायकों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनवाना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी उर्वरक का वितरण किया जाए, वहां CSC प्रतिनिधि और कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। किसान के आने पर उर्वरक वितरण के साथ-साथ मौके पर ही फार्मर आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
कृषि विभाग के सभी तकनीकी सहायकों को प्रतिदिन न्यूनतम 30 फार्मर रजिस्ट्री बनाने का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में बॉटम-3 तकनीकी सहायकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मऊ के कुलदीप द्वारा सर्वाधिक फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने पर समिति सचिव मऊ, बालेंद्र भूषण के विरुद्ध ‘प्रतिकूल प्रविष्टि’ दर्ज करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव को निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियां समय से खुलें तथा वहां किसानों के बैठने के लिए छाया और शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उर्वरक का वितरण निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए।उप कृषि निदेशक को निर्देश दिए गए कि कार्यक्षेत्र में तैनात क्षेत्रीय कर्मचारियों की दैनिक फोटोग्राफ ली जाए और उसी के आधार पर उनका मानदेय/वेतन आहरित किया जाए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और सचिवों को निर्देशित किया कि वे किसानों से संवेदनशीलता के साथ संवाद करें तथा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाएं।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, उप कृषि निदेशक राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी आर.पी. शुक्ला, एआर कोऑपरेटिव राजेन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति सचिव उपस्थित रहे।






