उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

महिला की चाकू मारकर हत्या, आरोपी पति फरार, तलाश में जुटी पुलिस

ब्यूरो, जन एक्सप्रेस

प्रतापगढ़। जिले में नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर बुधवार दोपहर बाद एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान संतोष विश्वकर्मा की पत्नी मंजू विश्वकर्मा ( 38 वर्ष ) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची डायल-112 द्वारा घटना की सूचना मिलते ही एसपी दीपक भूकर स्थानीय पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

वहीं मृतका का पति संतोष विश्वकर्मा घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस सभी संभावित गवाहों से भी पूछताछ कर रही है। प्रारम्भिक पूछताछ में मृतका के पुत्र द्वारा यह बताया गया कि माता-पिता के बीच प्रायः विवाद होता रहता था। फिलहाल घटना के बाद से मृतका का पति सन्तोष घर से गायब है और उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसका पता लगाने में जुटी है।

एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि पति के अवैध सम्बन्धों को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जिस कारण पति द्वारा हत्या की गई है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सन्तोष विश्वकर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए अन्य विधिक कार्रवाई जारी है। आरोपी पति को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button