शक्ति मोबाइल’ अभियान से महिलाओं को किया जा रहा जागरूक
सुरक्षा, साइबर अपराध व हेल्पलाइन नंबरों की दी जा रही जानकारी

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान शक्ति मोबाइल चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनपद में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध पुलिस संसाधनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शक्ति मोबाइल टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बालिकाओं और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में पुलिस सहायता कैसे प्राप्त करें, इस संबंध में भी मार्गदर्शन किया जा रहा है।
महिलाओं को विशेष हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया जा रहा है, जहां वे किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज करा सकती हैं। टीम द्वारा पोस्टर, ब्रोशर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी सुरक्षा और जागरूकता के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है, साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
जनपद पुलिस का मानना है कि जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है और इसी सोच के साथ शक्ति मोबाइल अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।






