मिशन शक्ति-5.0 के तहत चित्रकूट में महिला सुरक्षा जागरूकता बाइक रैली, कोतवाली कर्वी से हुई शुरुआत

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के द्वितीय चरण के शुभारंभ पर जनपद चित्रकूट में महिला सुरक्षा जागरूकता को लेकर विशेष पहल की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने थाना कोतवाली कर्वी से महिला सुरक्षा बल की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, निम्न आय वर्ग की बस्तियों, गांवों, वार्डों और प्रमुख बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम एवं चौपाल आयोजित किए जाएंगे। महिला बीट पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव, साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी तथा महिला समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, गुड टच और बैड टच की जानकारी देने के साथ विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, वीमेन हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108 और 102, चाइल्ड लाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in की जानकारी देकर निर्भीक होकर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी थानों में महिला हेल्पडेस्क स्थापित है, जहां महिला पुलिसकर्मी द्वारा शिकायत सुनकर समय से निस्तारण किया जाता है। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अपनी प्राइवेसी बनाए रखने की सलाह दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान एंटी रोमियो स्क्वायड टीम की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सार्वजनिक स्थलों, स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास सघन चेकिंग कर मनचलों और शोहदों पर कड़ी नजर रखी जाती है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाती है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरविन्द कुमार वर्मा, प्रभारी साइबर थाना रीता सिंह, प्रभारी महिला थाना नीलम देवी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






