विश्व जल दिवस: पुरोला ब्लॉक में ‘कमल नदी पुनर्जीवन’ कार्यशाला आयोजित

जन एक्सप्रेस/पुरोला: विकासखंड पुरोला के सभागार में विश्व जल दिवस के अवसर पर “कमल नदी पुनर्जीवन एवं जलागम प्रबंधन” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिलाधिकारी उत्तरकाशी के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई थी।
कार्यशाला में शासन की महत्वाकांक्षी “एक जनपद एक नदी” योजना के तहत जनपद उत्तरकाशी के लिए कमल नदी का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कमल नदी क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण व पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कार्यशाला में जलागम (वॉटरशेड) प्रबंधन को लेकर विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। नदी के जलस्तर को बढ़ाने, जल स्रोतों के संरक्षण और वर्षा जल संचयन को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि कमल नदी पुनर्जीवन अभियान में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख महावीर रावत, बलवंत सिंह पंवार, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ वन विभाग, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जल संस्थान और खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और पुनर्जीवन कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा। इसके तहत वृक्षारोपण, चाल-खाल निर्माण और जलधाराओं में आ रहे अवरोधों को हटाने जैसे कार्य प्राथमिकता पर किए जाएंगे।






