आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता!
चित्रकूट में “मिशन शक्ति अभियान-5” के तहत जागरूकता अभियान संचालित

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति अभियान-5” के अंतर्गत जनपद चित्रकूट में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी राजापुर एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति श्री जयकरन सिंह के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त थानों की एण्टी रोमियो टीमों और “शक्ति दीदी” द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, बाजारों तथा ग्रामों में भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उत्पीड़न, छेड़खानी, अभद्र टिप्पणियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से बचाने के लिए सजग करना था। टीमों ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, भीड़भाड़ वाले बाजारों आदि स्थानों पर जाकर लोगों से बातचीत की और महिलाओं को अपने अधिकारों तथा सरकारी सुरक्षा सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाएं जिनकी जानकारी दी गई:
यूपी पुलिस इमरजेंसी सेवा – 112
वूमेन पावर लाइन – 1090
महिला हेल्पलाइन – 181
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन – 1076
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098
स्वास्थ्य सेवा – 102
एम्बुलेंस सेवा – 108
साइबर हेल्पलाइन – 1930
यूपी कॉप एप की उपयोगिता और कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई।
महिला हेल्पडेस्क की जानकारी:
जनपद के सभी थानों में स्थापित महिला हेल्पडेस्क की जानकारी दी गई, जहां प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी महिलाओं की शिकायतें सुनती हैं और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करती हैं।
महिलाओं को किया गया प्रेरित:
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। उन्हें आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी असामाजिक गतिविधि की तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने की सलाह भी दी गई।
एण्टी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता:
अभियान के अंतर्गत सादे वस्त्रों में एण्टी रोमियो स्क्वायड की टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहुंचीं और संदिग्ध तत्वों से पूछताछ की गई। अनावश्यक रूप से मौजूद शोहदों को चेतावनी दी गई और आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी की गई।