जलालपुर में पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या
जलालपुर के मझगवां खुर्द गांव में युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, इलाके में सनसनी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां खुर्द गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय यादव पुत्र राजनारायण का अपने परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया, जिसके बाद आक्रोशित होकर संजय ने घर में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े, जहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही जलालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों को उजागर किया है।







