जफराबाद मुठभेड़: जनसेवा केंद्र लूट के तीन बदमाश पकड़े गए

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर थाना जफराबाद क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी, मोबाइल फोन और अवैध असलहे बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश और एक पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना जफराबाद, गौराबादशाहपुर और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च की रात गोसाईपुर गांव में जनसेवा केंद्र संचालक प्रेमचंद यादव को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल और बैग में रखा नकदी लूट लिया था। इस मामले में प्रेमचंद यादव की पत्नी निशा देवी की तहरीर पर थाना जफराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम कबूलपुर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल तीन बदमाश लूटी गई मोटरसाइकिल से बेलाव की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम बेलाव पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग करने लगी। कुछ देर बाद एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी कच्चे रास्ते से भागने लगे, लेकिन उबड़-खाबड़ रास्ते में बाइक गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी बगीचे की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे। फायरिंग में थाना जफराबाद के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जबकि थानाध्यक्ष जफराबाद की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी आदर्श यादव उर्फ अलगू के पैर में गोली लगने के बाद उसे पकड़ लिया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आदर्श यादव उर्फ अलगू निवासी विशुनपुर बसवत, दिवाकर कुमार निवासी सकरा और अमन यादव निवासी बगथरी थाना गौराबादशाहपुर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर 11 मार्च की रात गोसाईपुर गांव में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर करीब 90 हजार रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटी थी। बाद में अनुराग यादव ने रुपये अपने पास रख लिए और बाकी आरोपियों को 10-10 हजार रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल देकर वाराणसी भागने के लिए कहा था।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, कारतूस, लूट के 27 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






