उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

पाँच महीने बाद भी नहीं पहुँची बिजली — भुगतान के बावजूद उपभोक्ता धरने पर, विभागीय लापरवाही पर फूटा आक्रोश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर बरसठी क्षेत्र के दाऊदपुर कोटिया गांव निवासी संजय कुमार सरोज पुत्र अमरनाथ ने गुरुवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र गोपालपुर पर धरना देकर बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि भुगतान करने के पाँच महीने बाद भी उनके घर तक बिजली सप्लाई नहीं पहुँची है।

संजय कुमार सरोज ने बताया कि उन्होंने मई माह में कृषि विद्युत कनेक्शन (3 एचपी) के लिए आवेदन किया था। संबंधित जेई विवेक कुमार ने उनका स्टीमेन्ट तैयार कर ₹26,628 रुपए जमा कराने को कहा था। उपभोक्ता ने समय पर पूरा भुगतान भी विभागीय खाते में जमा कर दिया। इसके बावजूद, अक्टूबर तक यानी पाँच महीने बाद भी उनके खेत व घर तक बिजली नहीं पहुँचाई गई।

उन्होंने बताया कि कनेक्शन पास होने के बाद विभागीय टीम ने स्थल का निरीक्षण तो किया, लेकिन उसके बाद कार्य आगे नहीं बढ़ा। न तो बिजली पोल लगाए गए और न ही तार खींचे गए। कई बार उन्होंने लाइनमैन, जेई और उपकेंद्र के कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

धरने पर बैठे संजय कुमार सरोज ने कहा,

“जब हमने पूरा भुगतान कर दिया, तो हमें बिजली कनेक्शन देने में इतनी देर क्यों की जा रही है? विभाग की लापरवाही से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। अगर जल्द ही सप्लाई शुरू नहीं की गई, तो हम एसडीओ और अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने भी धरना देने को मजबूर होंगे।”

 

धरने की सूचना पर कुछ स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुँचे और उपभोक्ता का समर्थन किया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही आम बात हो गई है। कई आवेदक महीनों से भुगतान करने के बाद भी कनेक्शन का इंतज़ार कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई कर बिजली कनेक्शन शुरू कराने की माँग की है। वहीं, उपभोक्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो वह उच्चाधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक इसकी शिकायत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button