
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : राज्य के विभिन्न विभागों में चयन वर्ष की समाप्ति से पहले 31 जुलाई तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, लेकिन तबादलों के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को अभी इंतजार करना होगा। पंचायत चुनाव की आचार संहिता के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करते हुए निर्देश जारी किए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि विभागों की ओर से पदोन्नति और तबादलों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए पत्र भेजे गए थे। जवाब में आयोग ने निर्देश दिए हैं कि विभाग डीपीसी या अन्य प्रक्रियाओं के माध्यम से पदोन्नति कर सकते हैं और उनके आदेश भी जारी किए जा सकते हैं, लेकिन तबादलों की अनुमति आचार संहिता के दौरान नहीं दी जाएगी।
चुनाव के बाद होंगे तबादले
माना जा रहा है कि पदोन्नति के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले आचार संहिता समाप्त होने के बाद किए जाएंगे। आयोग का कहना है कि केवल वे कार्य जिनकी तत्काल आवश्यकता है, जैसे आपदा प्रबंधन से जुड़े काम, उन्हीं को अनुमति दी जा रही है। बाकी प्रक्रियाएं चुनाव के बाद पूरी की जाएंगी।
निविदाओं पर भी आयोग की नजर
कई विभाग निविदा प्रक्रिया को जारी रखने के लिए भी आयोग से अनुमति मांग रहे हैं। आयोग ने साफ किया है कि चुनाव के बाद होने वाले कार्यों के लिए अभी अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल रोजाना औसतन तीन निविदाओं को अनुमति मिल रही है, जबकि इतने ही प्रस्ताव अस्वीकृत भी किए जा रहे हैं।






