
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी ऊधमसिंह नगर के निर्देशन में बाजपुर क्षेत्र के मसीत, कुईखेड़ी और जनता फार्म में संयुक्त टीमों ने छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान क्षेत्र-4 बाजपुर, क्षेत्र-1 रुद्रपुर, क्षेत्र-3 काशीपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान मौके पर संचालित 07 अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट किया गया।
टीम ने अवैध कच्ची शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 25,000 किलोग्राम लहन भी मौके पर नष्ट कर दिया। वहीं, आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान के दौरान 310 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।आबकारी विभाग के अनुसार, बरामदगी और अवैध शराब निर्माण से संबंधित मामलों में नियमानुसार अभियोग दर्ज किए गए हैं। विभाग ने कहा कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






