देश के चौथे स्तंभ को सम्मान मिलना चाहिए : हिमांशु पांडेय
पत्रकार समाज की सच्ची आवाज़, हर परिस्थिति में निभाते हैं जिम्मेदारी

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।चित्रकूट जनपद के राजापुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अर्जुनपुर निवासी वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु पांडेय ने देश के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारिता को लोकतंत्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं, जिनका सम्मान हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी सशक्त और निष्पक्ष लेखनी के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सच्चाई पहुँचाने का कार्य करते हैं। भीषण ठंड, विपरीत परिस्थितियों और कठिन हालातों में भी समाचारों के संकलन हेतु दिन-रात परिश्रम कर पत्रकार दबे-कुचले, पीड़ित और वंचित वर्ग की आवाज़ बनते हैं।
सोशल मीडिया के युग में और भी बढ़ी पत्रकारों की जिम्मेदारी
हिमांशु पांडेय ने कहा कि आधुनिक युग में सोशल मीडिया एक क्रांति बन चुका है, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रही है। पत्रकारों की सक्रियता के कारण कोई भी राजनेता, अधिकारी या असामाजिक तत्व मनमानी करने से पहले सोचने को मजबूर होता है।उन्होंने कहा कि जब आम नागरिक किसी बड़ी समस्या से जूझता है और उसकी कहीं सुनवाई नहीं होती, तब पत्रकार साथी ही आशा की किरण बनकर सामने आते हैं। ऐसे विकट समय में चौथा स्तंभ अपनी लेखनी के माध्यम से न केवल समस्या को उजागर करता है, बल्कि उसके समाधान के लिए भी पूरी शिद्दत से संघर्ष करता है।
पत्रकार साथियों को अंगवस्त्र भेंट कर दीं नववर्ष की शुभकामनाएं
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु पांडेय ने जनपद एवं क्षेत्र के लगभग एक सैकड़ा पत्रकार साथियों को अंगवस्त्र भेंट कर नववर्ष की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने सभी पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज को सच्चाई दिखाने का उनका दायित्व अत्यंत सराहनीय है।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारिता की निष्पक्षता, निर्भीकता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने की अपील की।






