केदारनाथ दर्शन के बाद लौट रही महिला श्रद्धालु की अचानक मौत
मध्य प्रदेश से आई महिला श्रद्धालु की गौरीकुंड गेट के पास बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड : बाबा केदारनाथ के दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु की तीर्थ यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार रात की है जब महिला दर्शन के बाद लौट रही थी और गौरीकुंड के पास अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।
मृतक महिला की पहचान सुमित्रा बाई (45) पत्नी रंगलाल, निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। वे केदारनाथ में दर्शन करने के बाद वापस लौट रही थीं, तभी गौरीकुंड गेट के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात 10:27 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड को इस घटना की सूचना मिली। तुरंत ही जिला आपदा राहत दल (DDRF) की टीम मौके पर पहुंची और महिला श्रद्धालु को नजदीकी गौरीकुंड अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद राहत दल ने महिला के शव को स्ट्रेचर के माध्यम से गौरीकुंड बस अड्डा पहुंचाया, जहां से एम्बुलेंस द्वारा सोनप्रयाग भेजा गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर फिर उठा सवाल
इस दुखद घटना से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच और आपात चिकित्सा सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि हर साल केदारनाथ यात्रा के दौरान कई श्रद्धालु अत्यधिक ऊंचाई, थकावट और स्वास्थ्य समस्याओं के चलते जान गंवा बैठते हैं।
प्रशासन ने जताया शोक
प्रशासन की ओर से महिला श्रद्धालु की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। साथ ही सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी प्रकार की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत सहायता लें।






