बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और केदारनाथ की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित
यात्रियों की सुरक्षा के लिए चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में प्रशासन सतर्क, नदी किनारे रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

जन एक्सप्रेस चमोली/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के चलते चारधाम यात्रा पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मौसम विभाग द्वारा 12 से 14 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश और बाढ़ की आशंका जताने के बाद चमोली जिला प्रशासन ने बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोक लगा दी है। वहीं, केदारनाथ यात्रा को भी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग के डीएम प्रतीक जैन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में लगे वार्निंग सिस्टम का परीक्षण कर लिया गया है।
यात्रा मार्गों पर मुस्तैदी:
राज्य के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों, विशेषकर संवेदनशील और डेंजर जोन पर 24 घंटे जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।पुलिस, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। साथ ही नदी-नालों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल यात्रा स्थगित करें और मौसम सामान्य होने तक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा पुनः शुरू करने पर विचार किया जाएगा।






