संतकबीरनगर

अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर जन्म शताब्दी समारोह का हुआ भव्य आयोजन

जन एक्सप्रेस/संतकबीरनगर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में  विधायक खलीलाबाद, विधायक मेंहदावल, विधायक धनघटा और डीएम, एसपी व सीडीओं ने श्रद्धेय स्व अटल बिहारी बाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन किया अर्पित किया।
सुशासन दिवस के अवसर पर  रक्षा मंत्री भारत सरकार राजनाथ सिंह  व मुख्यमंत्री आदित्यनाथ  के उद्बोधन का सीधा प्रसारण विधायकगण सहित अधिकारीगणों एवं सम्भ्रान्त व्यक्तियों द्वारा देखा और सुना गया । इस अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी ने  कहा कि आज का दिन हम सब के लिए बेहद महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि आज श्रद्धेय अटल जी का जन्म दिवस ही नही बल्कि प्रधानमंत्री के रूप में इस देश को विकास की नई दिशा देने वाले नायक का जन्म दिन है। उन्होंने अटल बिहारी जी के समय में देश के अर्थ व्यवस्था एवं तकनीकी विकास को नई गति एवं प्रगति मिलने आदि से सम्बंधित बातों का साझा करते हुए कहा कि देश में चतुर्भुज मार्गो की शुरूआत का श्रेय, श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी को जाता है।
उन्होंने कहा कि देश के चौमुखी विकास को लेकर बाजपेयी जी का जो विजन था वह पैसे और पद से कही बहुत बड़ा था यही कारण है कि आज हम सब उनके जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मना रहे है। विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने ‘‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’’ के साथ अपने सम्बोधन की शुरूआत करते हुए महामना अटल बिहारी बाजपेयी जी के जन्म दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धाजली व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के बाद श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी ने अपने शासन में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत करते हुए गरीबों असहायों एवं समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभ दिला कर देश को आगे बढाने का जो कार्य किया है इसी कारण आज पूरा देश अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष मना रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजपेयी जी नेता समाजसेवी के साथ-साथ उत्कृष्ट कवि एवं पत्रकार भी थे। विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान ने अपने सम्बोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी को उनकी कुशल विदेश नीतियों के कारण पूरे दुनिया में उन्हें लोक नायक के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने अपने शासनकाल में देश को भय, भूख एवं भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का जनकल्याणकारी कार्य किया है जिससे आज हम सभी उनके जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मना रहे है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी की सोच और नीतियों को आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को बिना किसी भेदभाव के लाभ दिलाया जा रहा है। जो जमीनी स्तर पर भी स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है।
सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में विधायकगण द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी कुल 09 प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित  किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढाओं योजनान्तर्गत प्रेरणात्मक नुक्कड़ नाटक की आकर्षक प्रस्तुति की गयी। विधायकगण द्वारा गर्भवती महिलाओं को अन्नप्रसन्न एवं गोद भराई की गयी। कार्यक्रम में  मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत वर्ष 2024-25 के 05 लाभार्थियो को प्रतिकात्मक चाभी सौपी गयी। कार्यक्रम में वृद्धावस्था पेंशन के 05 लाभार्थियों मा0 विधायकगण द्वारा दिया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजनान्तर्गत जनपद के 145 स्वंय सहायता समूहों को 43 लाख 50 हजार की धनराशि एवं सामुदायिक निवेश निधि अन्तर्गत 112 स्वंय सहायता समूहों को रू0 01 करोड़ 68 लाख की धनराशि की डेमो चेक प्रदान की गयी।
सुशासन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी को नमन करते हुए उपस्थित सभी जनप्रतिनिधिगणों का आभार व्यक्त किया और शासन की मंशा के अनुसार समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदो एवं पात्र व्यक्तियों/महिलाओं तक सुचारू रूप से पहुॅचाये जाने हेतु आश्वस्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button