उत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी बांध पुनर्वास मामलों पर बैठक, आयुक्त आनंद स्वरूप ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय, मुनिकीरेती में पुनर्वास समन्वय उप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टिहरी बांध पुनर्वास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों, प्रकरणों और कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निस्तारण पर चर्चा की गई।

पुनर्वास से जुड़े मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा

गुरुवार को आयोजित बैठक में टिहरी बांध पुनर्वास से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त लोगों की समस्याओं और प्रकरणों पर समिति के सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। बैठक में नाम परिवर्तन, बांध क्षेत्र के ऊपर बने मकानों तथा मकानों को हुई क्षति समेत अन्य पुनर्वास संबंधी मामलों पर आवश्यक निर्णय लिए गए।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण समिति स्तर पर संभव है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, जिन मामलों में शासन स्तर से निर्णय आवश्यक है, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को भेजा जा रहा है।

स्पष्ट अभिलेखों के साथ शासन को भेजे जाएं प्रस्ताव

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास से जुड़े सभी प्रकरणों में नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित है, उनके प्रस्ताव स्पष्ट आख्या और आवश्यक अभिलेखों के साथ शासन को भेजे जाएं, ताकि संबंधित लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।

लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा

बैठक में पुनर्वास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों और लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली गई और समिति ने प्रकरणवार विचार-विमर्श करते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, अपर जिलाधिकारी देहरादून केके मिश्रा, उप महा प्रबंधक पुनर्वास राकेश थपलियाल, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल सहित पुनर्वास से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button