छत्तीसगढ़ में ऐसा कोई सगा नहीं जिसे कांग्रेस सरकार ने ठगा नहीं : रघुवर दास

रायपुर । वैशाली नगर में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि, मां कौशल्या और भगवान राम के ननिहाल की हालत भूपेश सरकार ने आज क्या कर दी है यह छत्तीसगढ़ की जनता को बताने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार के वादाखिलाफी को लेकर भाजपा ने परिवर्तन यात्रा निकाली है। पांच सालों में सत्ता और शक्ति का दुरुपयोग कर बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा है।
बघेल सरकार 2018 में बड़े-बड़े वादे कर जनता को गुमराह कर जनादेश प्राप्त किया पर आज छत्तीसगढ़ की जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। यह जनादेश का अपमान भी है 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था पर क्या हुआ? पूरे प्रदेश में महादेव एप्प से सट्टा खिलाकर बेरोजगारों-युवाओं को जुआरी बनाया जा रहा है। नारी शक्ति, महिला शक्ति को भी बघेल सरकार ने ठगने का काम किया है। इन्होंने महिला स्व सहायता समूह का कर्ज माफ करेंगे करके वादा किया था। इसका बड़ा-बड़ा विज्ञापन भी दिया, परंतु वास्तविकता यह है कि कोई कर्जा माफ नहीं हुआ है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि एमएसपी में डेढ़ गुना बढ़ोतरी मोदी सरकार ने की है। आज किसानों को 2,183 भारत सरकार देती है और 200-300 रुपये बढ़ाकर राज्य की बघेल सरकार देती है और कहती हैं हमनें धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया है यह एक प्रकार से किसानों को भी गुमराह करने का कार्य बघेल सरकार कर रही है। कानून व्यवस्था छत्तीसगढ़ में ध्वस्त है, अपने अधिकारियों से छत्तीसगढ़ के संसाधनों को लुटवा रहे हैं और बहुत तो जेल में भी हैं। घोषणा पत्र में शराबबंदी का वादा किया था, शराबबंदी तो नहीं किया, उल्टा शराब में 2,100 करोड रुपये का घोटाला कर दिया। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का बिल पेश किया। यह उनकी दूरदर्शिता और महिला सशक्तिकरण का बहुत बड़ा उदाहरण है। आज महिलाएं- बेटियां चाहे वह खेल का क्षेत्र हो आर्मी का क्षेत्र हो कहीं भी पीछे नहीं है।
रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में सबसे ज्यादा महिला उत्पीड़न की घटनाएं हो रही है। छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं कांग्रेस का एक परिवार जो सोने का चम्मच लेकर पैदा हुआ है और प्राइवेट जेट में अपना जन्मदिन मनाता हो वह नारी पीड़ा को क्या जानेगा? अभी मुझे पता चला है कि बघेल सरकार ने यह निर्णय लिया है कि अब छेड़खानी एवं दुराचार जैसे मामलों में लिप्त लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। यह एक तरीके से कांग्रेस ने महिलाओं के साथ मजाक ही किया है।
पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि, पिछले 5 सालों में प्रदेश की बघेल सरकार और वैशाली नगर क्षेत्र के विधायक ने कोई एक भी नया काम किया है वह तो बताएं। मुख्यमंत्री परसों यहां आए थे और की खुर्सी पार में इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन किया। यह भाजपा शासन काल में हुडको में प्रस्तावित था उसे केवल नाम बदलकर खुर्सी पार कर दिया गया है। भाजपा शासन काल में 18 करोड़ का तारामंडल का निर्माण करने वाले थे। उसकी जगह बघेल सरकार ने पौने दो करोड़ का टेंट लगाकर नेहरू नगर में तारामंडल बना दिया। अब इसकी तुलना उससे करते हैं जो हम विश्वस्तरीय तारामंडल बनाने वाले थे। मुख्यमंत्री भूपेश जब यहां आए तो कहा था की लीज धारी को मालिकाना हक मिलेगा उन्हें इतना नहीं मालूम कि यह जमीन बीएसपी के अधिकार में है। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी परिवर्तन यात्रा इन्हीं सबसे प्रदेश की जनता को निजात दिलाने निकाली है। हम कांग्रेस की भूपेश सरकार द्वारा पिछले पांच सालों में किए गए भ्रष्टाचार को सामने लाकर उजागर कर रहे हैं।






