रुद्रप्रयाग की 3 ग्राम पंचायतों में लगेगा ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी समस्याएं

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत अधिकारियों का ग्राम भ्रमण और जन चौपाल आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में होने वाले इन कार्यक्रमों में ग्रामीण सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
कार्यक्रम के तहत 25 अगस्त को विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत बरसिर में अधिशासी अभियंता जल संस्थान संदीप चतुर्वेदी ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 29 अगस्त को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत बीना में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक महेश प्रकाश ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
वहीं 31 अगस्त को ग्राम पंचायत खत्याणा में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत की अध्यक्षता में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। तीनों बैठकों का समय प्रातः 11 बजे निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों ने जनपद स्तरीय विभागीय अधिकारियों से बैठक में स्वयं अथवा अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी को अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कराने को कहा है, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से मौके पर ही समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को और आसान बनाया जा सके।






