मेले की सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी ने लिया जायजा, रामघाट क्षेत्र का किया नौका से निरीक्षण

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर आयोजित भव्य मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस ने पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीआईजी राजेश एस ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता से कार्य करने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर अधिकारी व जवान को जिम्मेदारी से ड्यूटी निभानी चाहिए।
नौका से रामघाट का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीआईजी महोदय ने रामघाट क्षेत्र (सीतापुर) में नौका के माध्यम से घाटों की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। घाटों पर तैनात गोताखोरों व पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे सतर्कता और तत्परता के साथ ड्यूटी निभाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान अजेय कुमार शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद्र वर्मा, पीआरओ प्रदीप पाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।






