
जन एक्सप्रेस/पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास खंड थलीसैंण के राजकीय जूनियर हाईस्कूल पाटुली में परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं की विदाई का कार्यक्रम बेहद यादगार और पर्यावरणप्रेमी अंदाज में मनाया गया। विदाई के मौके पर छात्र तनवीर सिंह, लकी, कुमारी रिया और कुमारी मानसी ने स्कूल के समलौण वन में बांज का पौधा रोपा। इस अनोखी पहल से उन्होंने न सिर्फ अपनी विदाई को स्थायी यादगार बना दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का मजबूत संदेश भी दिया।
पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी कक्षा 7 की छात्राओं कुमारी आरुषि और मानसी ने संभाली। कार्यक्रम का संचालन स्कूल के सहायक अध्यापक और समलौण संस्था के संस्थापक बीरेंद्र दत्त गोदियाल ने किया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस बार भी विदाई के अवसर पर पौधारोपण किया गया। अब तक स्कूल से कक्षा 8वीं के 31 बैच विदा हो चुके हैं।
गोदियाल जी ने कहा, “वर्ष 2000 से समलौण वन में छात्र-छात्राओं के जन्मदिन, विदाई, महापुरुषों के जन्मदिवस और राष्ट्रीय पर्वों पर नियमित रूप से पौधारोपण का कार्य जारी है। इस वन में बांज, देवदार, मोरपंखी, अनार, जामुन, आंवला, सिल्वर ओक, सुराही, नींबू समेत अनेक प्रजातियों के करीब 300 पौधे लगाए जा चुके हैं।”






