ट्रक चालकों को निशाना बनाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
एडीसीपी ने किया चौकाने वाला खुलासा
ब्यूरो, जन एक्सप्रेस / रिपोर्ट-अमन तिवारी
हाइवे पर खड़े ट्रकों के ड्राइवरों को अपना निशाना बनाने वाले और उनके मोबाइल फोन उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का महाराजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एडीसीपी शिवा सिंह ने मंगलवार को एक प्रेस
वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से चोरी के 12 स्मार्ट फ़ोन, एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में से कुछ पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दरोगा पवन शर्मा अपनी पुलिस टीम के साथ कुलगांव अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि हाइवे पर ट्रक ड्राइवरों के साथ लूटपाट करने वाले 4 लड़के रामादेवी से महाराजपुर की तरफ आ रहे हैं और चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में हैं।
इस सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दरोगा पवन शर्मा एक्टिव हुए और टीम के साथ सर्विस रोड से होते हुए केआईटी कॉलेज के सामने पहुंचे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभिषेक सैनी उर्फ़ कद्दू नर्वल, कानपुर का रहने वाला यह बदमाश एक शातिर अपराधी है। इसके पास से 3 चोरी के मोबाइल और एक 315 बोर का अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। कद्दू पर फतेहपुर और कानपुर में लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं।

दूसरे आरोपी आदित्य यादव के पास से 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आदित्य का भी पुराना आपराधिक इतिहास है,और उस पर जाजमऊ थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
तीसरे आरोपी राघवेन्द्र यादव उर्फ़ राघव उर्फ़ कल्लू निवासी चकेरी इस बदमाश के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 4 चोरी के स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
तो वही चौथे आरोपी बाबू सिंह के पास से 2 चोरी के मोबाइल मोबाइल बरामद किए गए हैं। यह गिरोह मुख्य रूप से हाइवे के किनारे ट्रक खड़े कर आराम करने वाले ड्राइवरों को अपना शिकार बनाता था। मौका पाकर ये उनके कीमती मोबाइल फोन और नकदी पार कर देते थे और बाद में इन फोन्स को सस्ते दामों में अनजान ग्राहकों को बेच देते थे। थाना महाराजपुर पुलिस ने चारों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज रही है। और बरामद मोबाइल को उनके असली मालिकों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।






