utrakhandउत्तरकाशीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशधर्म

सितारगंज में छठ महापर्व की धूम, बैगुल नदी समेत विभिन्न घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत, छठी मईया के जयकारों से गूंजे घाट

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :-  लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर सितारगंज में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बैगुल नदी समेत शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बने विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का विधि-विधान से समापन हो गया।

छठ पर्व को लेकर तिलियापुर, लौका, गौठा, कैलासपुरी, उकरौली, सिंह कॉलोनी, लाओपाला कॉलोनी, जीआईसी परिसर, चीनी मिल क्षेत्र और बैगुल नदी के तट पर बने घाटों पर विशेष रौनक रही। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर सूप और दउरे में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, केला तथा विभिन्न मौसमी फल लेकर घाटों पर पहुंचीं। इस दौरान छठी मईया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया था। रविवार शाम को व्रतियों ने नदी और जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। वहीं गन्ने का मंडप सजाकर कोसी भरने की पारंपरिक रस्म भी श्रद्धापूर्वक निभाई गई।

सोमवार तड़के सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंच गए। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की मंगलकामना की। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर और प्रसाद वितरित कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश सह समन्वयक खूब सिंह ‘विकल’ भी बैगुल नदी स्थित छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान अनिरुद्ध राय, मदन मोहन मिश्रा, कमल कुमार, एडवोकेट दयानंद सिंह, आकाश सिंह, ओमप्रकाश और राकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button