बहेड़ी से हल्द्वानी तक फैला था नशे का नेटवर्क, 215 नशीले इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार
बहेड़ी से इंजेक्शन खरीदकर हल्द्वानी में करते थे सप्लाई, कुमाऊं एसओटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जन एक्सप्रेस /पुलभट्टा :- उत्तर प्रदेश के बहेड़ी से उत्तराखंड के हल्द्वानी तक फैले नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। कुमाऊं एसओटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 215 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बहेड़ी से इंजेक्शन खरीदकर हल्द्वानी में सप्लाई करते थे।
रविवार देर रात थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली चौराहे के पास कुमाऊं एसओटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बहेड़ी की ओर से स्कूटी पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 115 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 100 एविल इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिहान पुत्र अब्बास अली (19) और आमिर पुत्र मो. अजीज अंसारी (29) निवासी वार्ड नंबर-24, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बहेड़ी निवासी अब्दुल्ला नामक व्यक्ति से नशीले इंजेक्शन खरीदकर हल्द्वानी में बेचते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब बहेड़ी से हल्द्वानी तक फैले इस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही इंजेक्शनों की आपूर्ति में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी रेंज एसओटीएफ मय टीम, हेड कांस्टेबल कुलदीप आर्या और थाना पुलभट्टा के कांस्टेबल मनोज मेहरा शामिल रहे। कुमाऊं पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।






