utrakhandउत्तरकाशी

नशामुक्त भारत का संदेश लेकर सितारगंज में निकली की एसएसबी बाइक रैली

57वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया जागरूक, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :-  नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को सितारगंज में सशस्त्र सीमा बल की 57वीं वाहिनी की ओर से बाइक रैली निकाली गई। नशामुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

57वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट जसबीर सिंह के निर्देशन में आयोजित रैली में वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान विभिन्न नारों और जागरूकता संदेशों के जरिए आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान एसएसबी अधिकारियों और जवानों ने बताया कि नशे का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। रैली का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना और स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button