बोलेरो की टक्कर से बाइक चालक की मौत, साथी गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरपालपुर,हरदोई।कटरा-बिल्हौर हाईवे पर हरपालपुर थाना क्षेत्र के ककरा तिराहे के निकट सांडी रोड पर बोलेरो की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जनपद फर्रुखाबाद के कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के कछुआ गाढ़ा निवासी करीब 26 वर्षीय अजय यादव पुत्र रामभान उर्फ भन्नू अपने साथी 25 वर्षीय मोनू पुत्र राकेश चंद्र के साथ हरपालपुर थाना क्षेत्र के चाऊंपुर गांव में अपनी मौसी के घर आए थे। वहां से दोनों बाइक से हरपालपुर गए थे। वापस लौटते समय कटरा-बिल्हौर हाईवे पर ककरा तिराहे से करीब 200 मीटर आगे सांडी रोड पर पहुंचे, तभी एक बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चला रहे अजय यादव को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका साथी मोनू भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।तथा बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।







