utrakhandउत्तरकाशी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर रुद्रप्रयाग में पत्रकारों ने उठाई प्रेस की स्वतंत्रता की आवाज

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर रुद्रप्रयाग में पत्रकारों ने उठाई प्रेस की स्वतंत्रता की आवाज **लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी, पत्रकारों ने साझा किए अनुभव और समस्याएं

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में पत्रकार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में प्रेस की स्वतंत्रता, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्ष गोष्ठी की थीम *’शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण: मानवाधिकार, विकास और सुरक्षा के लिए प्रेस की स्वतंत्रता को बढ़ावा देना’* रही। इस दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, मानवाधिकारों के संरक्षण तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास में मीडिया की भूमिका पर विचार रखे। पत्रकारों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस लोकतंत्र का मजबूत आधार है। पत्रकारिता केवल सूचनाएं देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को भी मजबूती मिलती है।

गोष्ठी में पत्रकारों ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य में प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन करते हुए जनहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बद्री नौटियाल, राजेश सेमवाल, हरेंद्र नेगी, देवेंद्र चमोली, उत्तर भारत लाइव एवम् जन एक्सप्रेस के पत्रकार नरेंद्र सिंह रावत,कुलदीप राणा आजाद, भगत चौहान, रोहित डिमरी, ज्योति किमोठी, प्रकाश रावत, पंकज नेगी, रविंद्र कप्रवाण सहित जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा एवं सूचना कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button