गोला बाईपास पर सड़क हादसे में शक्तिफार्म के प्रदीप हलदार की मौत, स्कॉर्पियो की टक्कर से गई जान
लगातार दूसरे दिन हादसे से उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल, निर्माण कार्य के दौरान चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग नहीं होने के आरोप

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- गोला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में शक्तिफार्म निवासी बाइक सवार प्रदीप हलदार की मौत हो गई। इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने सुबह करीब 9:30 बजे लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार, निवासी गोविंद नगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी का काम करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदीप बुलेट से गोला बाईपास होते हुए माड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बनभूलपुरा पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
निर्माण कार्य के बीच सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हादसे के बाद गोला बाईपास पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, डायवर्जन संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने संबंधित विभागों से सड़क सुरक्षा मानकों की जांच कराने और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा सामने आया है। इससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की गति नियंत्रित करने और चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए।







