अल्मोड़ा में 10 किलो गांजे के साथ ऊधमसिंह नगर के दो तस्कर गिरफ्तार
मोहान बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सीज; गांजे की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये

जन एक्सप्रेस /अल्मोड़ा :- नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भतरौजखान पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार ऊधमसिंह नगर निवासी दो युवकों को 10 किलो 5 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार 125 रुपये बताई गई है।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 नवंबर की रात सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मोहान बैरियर से मरचूला रोड पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान यूके18-वी-0964 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो अलग-अलग बैगों से कुल 10.005 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऊधमसिंह नगर निवासी विनोद (32) और अजय (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा बरामदगी के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। अल्मोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।






