
जन एक्सप्रेस /टनकपुर :- टनकपुर क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर हिंदू बताने, विश्वास में लेकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली टनकपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 22 वर्षीय आरोपी निषाद खान निवासी मनिहारगोठ को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को महिला ने कोतवाली टनकपुर में लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निषाद खान ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और इसी आधार पर महिला से दोस्ती बढ़ाई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे विश्वास में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के मुताबिक, बाद में महिला को युवक की वास्तविक धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद विरोध करने पर आरोपी ने उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाया। महिला ने आरोप लगाया कि इनकार करने पर आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गुरविन्दर कौर, हेड कांस्टेबल नवीन्द्र मेहरा, कांस्टेबल हितेन्द्र वर्मा और महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा शामिल रहे।चम्पावत पुलिस के अनुसार, महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है।






