CrimeCyber FraudUP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

शराब की लत से परेशान युवक ने गंभीरी नदी के पुल पर फांसी लगाकर दी जान

पत्नी और बच्चों से मिलने शनिवार को आया था ससुराल, देर रात पुल के पाइप से लटका मिला शव

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम बेडीजोर में शनिवार देर रात गंभीरी नदी पर बने पुल के पाइप से अंगौछे के सहारे फांसी लगाकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक मूल रूप से जनपद शाहजहांपुर का रहने वाला था और शराब पीने की लत के चलते उसकी पत्नी नाराज होकर बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। शनिवार को वह पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल आया था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्हागंज क्षेत्र के ग्राम चौरासी निवासी कल्याण रैदास का पुत्र विजेंद्र पाल उर्फ रवि (लगभग 30 वर्ष) शराब पीने का आदी था। उसकी इस आदत से परेशान होकर पत्नी लाली कुछ दिनों पहले अपने बच्चों के साथ मायके बेडीजोर आ गई थी। शनिवार को विजेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल पहुंचा था। शाम को वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। परिजनों ने समझा कि वह आसपास कहीं गया होगा, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई।

तलाश के दौरान मध्यरात्रि करीब 12 बजे गांव के पास गंभीरी नदी के पुल पर उसका शव पाइप से अंगौछे के फंदे के सहारे लटका मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के ससुर परशुराम पुत्र बन्ना ने तत्काल अरवल पुलिस को सूचना दी।परिजनों के मुताबिक, विजेंद्र पहले रोजगार के सिलसिले में लुधियाना जाता था, जबकि पिछले करीब तीन महीने से फर्रुखाबाद में ठेली लगाकर लस्सी बेचने का काम कर रहा था। युवक की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button