जिला अस्पताल हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, पांच आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित की गईं पांच विशेष टीमें, 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को दबोचा; पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का किया था प्रयास, निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल व टी-शर्ट बरामद

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- जिला अस्पताल परिसर में हुए चर्चित नितेश जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देश पर गठित पांच विशेष पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, बरेली से लाते समय पुलभट्टा थाना क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के समीप आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और टी-शर्ट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद और हमला हुआ। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे। मामले में दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के लिए कोतवाली पंतनगर पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सबसे पहले घटनास्थल को सुरक्षित किया और आरएफएसएल तथा फील्ड यूनिट से घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। इस दौरान आवश्यक साक्ष्य और प्रदर्श संकलित किए गए। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के शव का नियमानुसार पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाते हुए 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसे बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरेली से रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा थाना क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के पास आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। 14 नवंबर को सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमंत सिंह कठैत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम और एसओजी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने लुमिनस फैक्ट्री के निकट निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार मामले में अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश कुमार, विकास कुमार, विनोद कुमार, अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी जगतपुरा क्षेत्र में हरी/हैरी मेडिकल स्टोर के निकट वार्ड नंबर पांच, थाना ट्रांजिट कैंप के निवासी हैं।
पुलिस ने 14 नवंबर को मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल तथा टी-शर्ट बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन को न्यायालय से 14 दिन का न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






