सीएम धामी के कालाढूंगी दौरे पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कुसुमखेड़ा चौराहे पर रोका, पुलिस से तीखी नोकझोंक के बाद सड़क पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

जन एक्सप्रेस /कालाढूंगी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान रविवार को कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं और अपनी मांगों को रखने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें कुसुमखेड़ा चौराहे पर रोक दिया। इसको लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विरोध स्वरूप कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार को भी दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस बल के जरिए रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को अब तक न्याय नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार के महिला सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अंकिता को न्याय दिलाने की मांग पर जवाब चाहती है।
प्रदर्शन में शामिल मयंक गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। हल्द्वानी सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के चलते आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, छात्र नेता मेहुल साह और मंजू दानू ने कहा कि युवा कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कालाढूंगी आगमन पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र की समस्याओं को उनके सामने रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की प्रमुख मांगों में चकलुवा स्थित एथेनॉल फैक्ट्री को बंद करना, क्षेत्र की जनता को प्राधिकरण से राहत दिलाना, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मयंक गोस्वामी, हर्ष शर्मा, अक्षत पाठक, घनिष्ठ कुमार, भावेश कुरिया, यश सिंहाना, साहिल राज और सचिन राठौर समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।






