कालाढूंगी को मिली विकास की छह सौगातें, सीएम धामी ने कीं कई बड़ी घोषणाएं
मिनी स्टेडियम और अस्पताल का होगा उच्चीकरण, 200 विद्युत पोल लगेंगे; कॉर्बेट में 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का होगा पंजीकरण, नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं को किया सम्मानित

जन एक्सप्रेस /कालाढूंगी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण, 200 विद्युत पोलों की स्थापना और विभिन्न सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण शामिल है। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, साहस, परिश्रम और उपलब्धियों को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भी उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सरकारी सेवाओं में राज्य की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं, लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना के माध्यम से पात्र बेटियों को जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस पहल से लगभग 5,500 महिलाएं सीधे जुड़ी हैं और ब्रांड की शुरुआत से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस मामले में न्यायालय तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है और उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिकाएं खारिज की हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की भावनाओं और मांग का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश भी की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग, वन और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, गीतांजलि, हिना बिष्ट, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल सहित अन्य महिला प्रतिभाओं को सम्मान मिला।
वहीं, लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से कंचन भंडारी, ऐपण कला के लिए मंजू रौतेला और कृषि विभाग से सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया। वन विभाग से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजु गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।








