utrakhandपुरोला

पुरोला में प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता का आरोप, छात्रसंघ अध्यक्ष ने डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

जन एक्सप्रेस /पुरोला:- उत्तरकाशी जिले के पुरोला में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बर्फिया लाल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला के छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह ने तहसीलदार कमल सिंह राठौर के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसके लिए पुरोला विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सर्वे कर पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की गई थी। हालांकि, विकासखंड स्तर पर सूची प्रकाशित होने के बाद कई ग्राम पंचायतों में वास्तविक पात्र लोगों के नाम सूची से बाहर कर दिए गए, जबकि अपात्र व्यक्तियों को सूची में शामिल किए जाने का आरोप लगाया गया है।

छात्रसंघ अध्यक्ष का कहना है कि इससे ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ी है और योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रकाशित पात्रता सूची को प्रत्येक पंचायत भवन में चस्पा कराया जाए। साथ ही सूची तैयार करने वाले संबंधित कर्मचारियों से खंड विकास अधिकारी के समक्ष लाभार्थियों के चयन का आधार स्पष्ट कराया जाए तथा अपात्र व्यक्तियों को सूची में शामिल किए जाने के मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

गोविंद सिंह ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि कोई भी गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति इस कल्याणकारी योजना से वंचित न रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह के साथ महिदेव, शिवांश रावत, प्रवेश, प्रदीप सहित अन्य छात्र नेता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button